हनुमानगढ़ में भारतीय मजदूर संघ ने बुधवार को जंक्शन स्थित जाट भवन में विश्वकर्मा जयंती पर पूजन और अतिथि सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों और असंगठित क्षेत्रों के कर्मचारी शामिल हुए। समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, पूर्व जिलाध्यक्ष काशीराम गोदारा, भाजपा नेता अमित सहू, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के जिला कार्यवाहक नीरज शर्मा और जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा मंचासीन रहे। इस मौके पर भारतीय मजदूर संघ ने 1 मई की जगह 17 सितंबर को राष्ट्रीय श्रमिक दिवस घोषित करने की मांग उठाई। जोधपुर विद्युत वितरण श्रमिक संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सीकर ने बताया कि इस मांग को लेकर भारतीय मजदूर संघ देशभर में व्यापक अभियान चला रहा है। उन्होंने बताया कि इस मांग के समर्थन में जिला मुख्यालयों पर प्रधानमंत्री के नाम जिला कलेक्टरों को ज्ञापन सौंपे गए हैं और इस पर कार्रवाई जारी है। राजस्थान सरकार ने सभी विभागों में 17 सितंबर को अवकाश की घोषणा की थी, लेकिन यह घोषणा अभी पूरी तरह लागू नहीं हुई है। राजेंद्र सीकर ने मंचासीन भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे संघ की इस मांग को सरकार तक पहुंचाएं, ताकि 17 सितंबर को राष्ट्रीय अवकाश दिवस घोषित किया जा सके। भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री संदीप सिरावता ने भी अतिथियों के समक्ष यही मांग दोहराई।


