सिरोही के गोयली रोड स्थित विश्वकर्मा सुथार समाज छात्रावास में रविवार को एक भव्य प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह और स्नेह मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सनातन गिरिजी महाराज की अध्यक्षता और कमेटी अध्यक्ष मंछाराम सुथार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के 140 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समाज के सचिव अमृतलाल सुथार ने बताया कि कार्यक्रम में ज्ञानदेव विश्वकर्मा, नरेंद्र सुथार और कन्हैयालाल सुथार ने छात्रों को भविष्योन्मुखी मार्गदर्शन दिया। विशेष रूप से शिक्षा का महत्व, संस्कार निर्माण और रोजगार के अवसरों पर विस्तृत चर्चा की गई। समारोह में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को सिल्वर मेडल से नवाजा गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें नृत्य और गायन शामिल थे। इन प्रतिभाशाली कलाकारों को भी विशेष सम्मान से नवाजा गया। समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की मदद के लिए एक विशेष कोष स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया। मुकेश सुथार और नरेश कुमार सुथार द्वारा संचालित इस कार्यक्रम में समाज के गणमान्य नागरिक, भामाशाह और समाजसेवी उपस्थित रहे।


