विश्व एड्स दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम में शानदार योगदान देने के लिए नागौर के काउंसलर विक्रम सिंह राठौड़ को राज्य स्तरीय समारोह में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जयपुर में हुआ राज्य स्तरीय कार्यक्रम चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जयपुर में विश्व एड्स दिवस पर भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर रहे। उनके साथ प्रमुख चिकित्सा सचिव गायत्री ए. राठौड़ और निदेशक एड्स नियंत्रण कार्यक्रम डॉ. सुशील कुमार परमार भी उपस्थित रहे। परामर्श और जागरूकता के लिए मिला सम्मान जिला चिकित्सालय, नागौर के एसटीआई/आरटीआई क्लिनिक में कार्यरत काउंसलर श्री विक्रम सिंह राठौड़ को मंत्री और प्रमुख शासन सचिव द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्हें एड्स जागरूकता फैलाने और एचआईवी/एड्स से पीड़ित लोगों को उपचार संबंधी परामर्श देने के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट एवं समर्पित कार्यों के लिए यह प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। एड्स उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी: मंत्री खींवसर इस मौके पर प्रदेशभर में एड्स नियंत्रण के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि एड्स उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज के सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। इस वर्ष की थीम “एड्स प्रतिक्रिया को बदलने में व्यवधानों पर काबू पाना” है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और सामाजिक बाधाओं को दूर करने पर विशेष जोर दिया।


