भास्कर न्यूज | लातेहार ईद, सरहुल और रामनवमी में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए समाहरणालय सभागार में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। इस मौके पर उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना जरूरी है। सभी प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने रामनवमी को लेकर शांति समिति की बैठक करने और फ्लैग मार्च निकालने का आदेश दिया। संवेदनशील इलाकों में दंडाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की घटना की सूचना तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष और वरीय अधिकारियों को दें। रामनवमी जुलूस के दौरान बिजली से जुड़ी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कार्यपालक अभियंता को बिजली काटने का निर्देश दिया गया। अखाड़ा संचालकों को जुलूस के साथ जनरेटर और लाइट की व्यवस्था रखने को कहा गया। उपायुक्त ने पूजा और जुलूस समितियों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों से सौहार्द बनाए रखने की अपील की। डंडई|डंडई प्रखंड के सूरजंघा गांव में एक आवास योजना के लाभुक सरिता देवी पति परमेश्वर प्रजापति आवास के तीसरी किस्त की राशि को लेकर दर-दर भटक रहा है। लाभुक का कहना है कि करीब 6 महीना पहले अबुआ आवास योजना के प्राथमिकता सूची में मेरा नाम आया था। सूची में नाम सुनकर मैं बहुत खुश हुआ था कि अब मेरा पक्का का घर आसानी से बन जाएगा और घर निर्माण के लिए राशि को लेकर भटकना नहीं पड़ेगा। परंतु मैं आवास निर्माण के तीसरी किस्त को लेकर बहुत परेशान हूं। लाभुक के पति ने बताया कि उमेंद्र कुमार सिंह के माध्यम से तीसरी किस्त की राशि को लेकर तीन-तीन बार फोटो कराया गया। परंतु उनके द्वारा बताया जा रहा है की फोटो रिजेक्ट हो जा रहा है। अब आपको तीसरी किस्त की राशि नहीं मिलेगा। बताया कि उमेंद्र के द्वारा पहले हिदायत दी गई की जल्दी से आवास का निर्माण करो नहीं तो विभागीय कार्रवाई होगी और तीसरी किस्त की राशि नहीं मिल पाएगी। विभागीय दबाव और तीसरी किस्त की राशि नहीं मिलने के डर से मैंने अपना सात कट्ठा जमीन बेचकर अबुआ आवास का छत ढलाई भी करवा दिया। परंतु अब तीसरी किस्त की राशि को लेकर मैं बेचैन और परेशान हूं। मुखिया प्रतिनिधि कृष्णकांत सिंह ने कहा कि पहली किस्त दूसरा किस्त लाभुक को मिल चुका है तो तीसरा किस्त निश्चित रूप से मिलेगा।


