अमृतसर | डीएवी कॉलेज डॉ. सलीम अली जूलॉजिकल सोसायटी द्वारा विश्व आर्द्र-भूमि दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बीएसी मेडिकल और बायो टेक्नोलॉजी के स्टूडेंट्स द्वारा वेटलैंड्स के महत्व पर प्रकाश डाला गया। प्रिंसिपल डॉ अमरदीप गुप्ता ने कहा कि विश्व आर्द्र-भूमि दिवस की शुरूआत 1997 में हुई थी। वेटलैंड न केवल जल को प्रदूषण मुक्त रखने में मदद करते हैं, बल्कि यहां पाई जाने वाली विभिन्न वनस्पतियां और औषधीय पौधे भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ऐसी भूमि जो वर्षभर या अधिकांश समय जल से भरी रहती है, वेटलैंड कहलाती है। यह झील, नदी या तालाब के किनारे का वह क्षेत्र है जहां अत्यधिक नमी पाई जाती है। विभाग मुखी डॉ. रजनी खन्ना ने कहा कि वेटलैंड का महत्व मानव व प्राणियों के लिए महत्वपूर्ण है, जो प्रकृति द्वारा उपहार स्वरूप मिला है। इस अवसर पर छात्राओं ने स्लोगन प्रतियोगिता में भाग लेकर जागरूकता का संदेश दिया।


