विश्व सेवा परिषद ने कुड़माली बच्चों की समस्या को लेकर डीसी को सौंपा पत्र

भास्कर न्यूज | सरायकेला कुड़माली क्षेत्र से आने वाले बच्चों एवं उनके परिवारजनों को हो रही परेशानियों को लेकर विश्व सेवा परिषद, सरायकेला-खरसावां की ओर से उपायुक्त को पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया है। परिषद के अध्यक्ष रोहित महतो ने बताया कि जिले में संचालित तीन आश्रय गृहों के कार्यक्षेत्र, स्थिति और संपर्क व्यवस्था को लेकर बच्चों और उनके अभिभावकों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड लाइन कार्यालय, बाल कल्याण समिति कार्यालय एवं स्वयं आश्रय गृहों तक पहुंचने में कुड़माली क्षेत्र के बच्चों और परिवारजनों को लगातार दिक्कतें हो रही हैं। इस संबंध में परिषद द्वारा पूर्व में भी जिला प्रशासन को अवगत कराया गया था। दिनांक 28 जुलाई 2025 एवं एक दिसंबर 2025 को जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी एवं जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, सरायकेला-खरसावां के नाम पत्र प्रेषित कर समाधान की मांग की गई थी। विश्व सेवा परिषद ने पत्र में कहा है कि बच्चों एवं उनके परिवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में संचालित तीनों आश्रय गृहों के समुचित स्थिति, कार्यक्षेत्र एवं संपर्क संबंधी स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक की जाए। इसके लिए आवश्यक स्तर पर निर्देश जारी करने की मांग की गई है, ताकि जरूरतमंद बच्चे एवं उनके परिजन आसानी से संबंधित कार्यालयों एवं आश्रय गृहों तक पहुंच सकें और समय पर सहायता प्राप्त कर सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *