लुधियाना| विश्व हाईपरटेंशन दिवस पर शहर में स्वास्थ्य विभाग ने जागरूकता अभियान शुरू किया। हर साल 17 मई को यह दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को उच्च रक्तचाप के खतरे से आगाह करना है। साथ ही इसके रोकथाम और नियंत्रण के उपायों को बढ़ावा देना है। सिविल सर्जन डॉ. रमनदीप कौर ने बताया कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर मई महीने भर गतिविधियां चलेंगी। इनमें लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, समय पर जांच कराने और इलाज लेने की जानकारी दी जा रही है। अभियान के तहत जागरूकता रैलियां निकाली जा रही हैं। निशुल्क जांच शिविर लगाए जा रहे हैं। प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से भी लोगों को जानकारी दी जा रही है। उद्देश्य है कि लोग हाईपरटेंशन को गंभीरता से लें और समय रहते इलाज करवाएं।


