विश्व हिंदू परिषद ने दमदम में किया तुलसी पूजन:धर्मांतरण रोकने के लिए हर संभव मदद का दिया आश्वासन

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के पेंड्रा विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत दमदम के मातिन दाई मंदिर परिसर में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने 25 दिसंबर को तुलसी पूजन का आयोजन किया। यह आयोजन सनातन परंपरा और सामाजिक चेतना के उद्देश्य से किया गया, विशेषकर उन क्षेत्रों में जहां धर्मांतरण की गतिविधियां सक्रिय हैं। इस अवसर पर विहिप जिलाध्यक्ष हर्ष छाबरिया ने अपने संबोधन में धर्मांतरण की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी से एकजुट होकर धर्मांतरण रोकने की अपील की और संगठन की ओर से इस दिशा में हर संभव प्रयास और मदद का आश्वासन दिया। स्वामी कृष्ण प्रपन्नाचार्य ने तुलसी के महत्व पर प्रकाश डाला कार्यक्रम में संत स्वामी कृष्ण प्रपन्नाचार्य ने तुलसी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तुलसी केवल एक पौधा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और पारिवारिक संस्कारों का प्रतीक है। उन्होंने घर-घर तुलसी पूजन का आग्रह करते हुए बताया कि इससे सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और यह भावी पीढ़ी को धर्म, प्रकृति तथा राष्ट्र से जोड़ता है। पूजन के दौरान मातृशक्तियों ने भजन-कीर्तन के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बनाया। उन्होंने संकल्प लिया कि प्रत्येक परिवार अपने घर में तुलसी का रोपण करेगा और नियमित पूजन करेगा। इस कार्यक्रम में नशा मुक्ति, स्वदेशी अपनाने और राष्ट्रहित जैसे विषयों पर भी संदेश दिए गए। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया कार्यक्रम का संचालन मुकेश जायसवाल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन दमदम के सरपंच पति विनोद एक्का ने किया। हिंदू समाज के लिए लगातार कार्य करने वाले कई लोगों को अंग वस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया और ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर संत स्वामी कृष्ण प्रपन्नाचार्य, विहिप जिलाध्यक्ष हर्ष छाबरिया, जिला सह मंत्री निखिल परिहार, सरपंच पति विनोद एक्का, कोषाध्यक्ष ब्रिजेश सोनी, मातृ शक्ति जिला संयोजक प्रिया त्रिवेदी, शैलेश जायसवाल, शुभम गुप्ता, शिवम साहू, भूपेंद्र चौधरी, मंडल कार्यवाह जितेंद्र शुक्ला, ब्रिजेश पूरी, राकेश त्रिपाठी, मुकेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *