लुधियाना|आत्म पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 11वीं व 12वीं के छात्रों के लिए करियर के चयन हेतु मार्गदर्शन करने के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन किया। इस ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का सर्वोपरि उद्देश्य छात्रों की विषयों के चुनाव में दुविधा को दूर करते हुए करियर की संभावनाओं के बारे में सूचित करना तथा उचित निर्णय लेने के लिए अपेक्षित ज्ञान और अंतर्दृष्टि के साथ सशक्त बनाना था। कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष संजीव हीरा लाल जैन, प्रिंसिपल बंदना सेठी, वाइस प्रिंसिपल हरमन मंगेड़ा द्वारा दीप प्रज्वलन करते हुए नवकार मंत्र एवं प्रार्थना के साथ हुआ। प्रोफेसर डॉ. बीडी बुद्धिराजा ने विज्ञान, वाणिज्य, और कला व मानविकी सहित विविध शैक्षणिक धाराओं में जानकारी साझा की। छात्रों को उनकी योग्यता और दक्षता के अनुरूप विभिन्न धाराओं (स्ट्रीम ) से संबंधित आवश्यक जानकारी देने के साथ प्रारंभिक करियर योजना में माता-पिता की भागीदारी के महत्व पर भी प्रकाश डाला।


