भास्कर न्यूज | राजनांदगांव रेलवे सुरक्षा बल आपरेशन संरक्षा के तहत ट्रेनों और स्टेशन परिसरों में विस्फोटक, ज्वलनशील पदार्थ की अवैध रूप से आवाजाही रोकने अभियान चला रहा है। पेंट्री कार में गैस सिलेंडर, रेल द्वारा प्रतिबंधित हीटर के अवैध उपयोग की रोकथाम करने चेकिंग की जा रही है। दीपचंद्र आर्य मंडल सुरक्षा आयुक्त रेल सुरक्षा बल नागपुर मंडल ने बताया कि स्टेशनों और यात्री ट्रेनों में ज्वलनशील पदार्थ के परिवहन करने पर उसके दुष्परिणाम परिणाम, कानूनी कार्रवाई के संबध में यात्रियों को जागरूक कर रहे। इसी क्रम में गाड़ी संख्या 12879 एलटीटी-भुवनेश्वर एक्सप्रेस में फायर सेफ्टी ड्राइव के दौरान पैंट्रीकार को चेक किया गया। गाड़ी में सहायक पैंट्री कार मैनेजर नागेंद्र शर्मा (42 साल) को इलेक्ट्रॉनिक हीटर कढ़ाई से खाद्य पदार्थ तैयार करने के अलावा अलग कनेक्शन से अतिरिक्त 1 नग हीटर (रेलवे द्वारा प्रतिबंधित) कढ़ाई में खाद्य सामग्री बनाते पकड़ा गया। पूछताछ में खाद्य सामग्री जल्दी तैयार करने इसे लगाना बताया गया। इसकी अनुमानित कीमत 6 हजार बताई गई जिसे जब्त किया गया। आरपीएफ गोंदिया को सुपुर्द किया गया है। इसे लेकर आगे भी अभियान जारी रहेगा। यात्री भी सतर्कता बरतें ऐसी लापरवाही हादसे की वजह बन सकती है।


