नागौर जिले में 10 टन विस्फोटक सामग्री के साथ पकड़े गए आरोपी सुलेमान की सोमवार को तबियत बिगड़ गई। जहां उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। आरोपी की बीपी हाई होने के चलते उसे थावला के स्थानीय अस्पताल से अजमेर रेफर कर दिया। कड़ी सुरक्षा में आरोपी सुलेमान को जेएलएन अस्पताल लाया गया जहां उसका उपचार जारी है। मामले की सूचना मिलते ही सीआईडी की टीम भी अस्पताल पहुंच गई। आरोपी से सीआईडी के साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियों की ओर से भी पूछताछ की जाएगी। बता दे कि नागौर की जिला स्पेशल टीम और थांवला पुलिस ने रविवार को संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए हरसौर के देशवाली के निवासी सुलेमान खान को गिरफ्तार किया था। जिसके पास से खेत से 9550 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट, डेटोनेटर और फ्यूज वायर का जखीरा पकड़ा था। नागौर पुलिस के अनुसार विस्फोटक अधिनियम में रविवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया था। जिसकी पुलिस कस्टडी के दौरान तबियत बिगड़ गई। स्थानीय अस्पताल से अजमेर रेफर कर दिया। पूछताछ के दौरान बेहोश हो गया था। प्रारंभिक जांच में माइनिंग के दौरान विस्फोटक सामग्री उपयोग में लेने की जानकारी आई है। पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। हालांकि मामले में अनुसंधान जारी है।


