रायसेन | कोतवाली पुलिस ने वीआईपी कॉलोनी और भारत विहार कॉलोनी में हुई दो चोरी की वारदातों का 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में अजब सिंह (29), निवासी वार्ड क्रमांक-04 भारत विहार कॉलोनी, दिनेश उर्फ दीना (34), निवासी वार्ड क्रमांक-14 पाटनदेव और जितेन्द्र (18), निवासी वार्ड क्रमांक-04 भारत विहार शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से चोरी का सामान, एक डीलक्स मोटरसाइकिल और एक ऑटो जब्त किया है। पहली चोरी 24 जनवरी को वीआईपी कॉलोनी निवासी मुलायम सिंह के घर हुई। उन्होंने थाने में शिकायत की कि अज्ञात चोर सोना-चांदी के जेवर और नकद ले गए। दूसरी घटना 25 जनवरी को भारत विहार कॉलोनी में दीपक शर्मा के घर हुई। उनके मकान से लोहे के गाटर चोरी हुए। पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देशन में, एएसपी कमलेश कुमार खरपूसे और एसडीओपी नीलम चौधरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नरेन्द्र गोयल ने विशेष टीम बनाई। टीम ने वीआईपी कॉलोनी, बायपास रोड और गोपालपुर इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। मुखबिर की सूचना पर 25 जनवरी को तीन संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में तीनों ने दोनों चोरी की वारदातें कबूल कीं।


