हनुमानगढ़ में मनरेगा कार्यस्थल पर ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) के साथ मारपीट और अपमान का मामला सामने आया है। इस घटना के विरोध में ग्राम विकास अधिकारियों ने बुधवार को टाउन थाना के समक्ष प्रदर्शन किया और कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए परिवाद प्रस्तुत किया। ग्राम पंचायत तीस एसएसडब्ल्यू के वीडीओ उदयभान यादव ने बताया कि मंगलवार को वे चक 26 एसएसडब्ल्यू में मनरेगा कार्य का निरीक्षण करने गए थे। वहां मेट कोमल गैरमौजूद मिलीं और उनके पति सुभाष के पास मस्टरोल थे। मस्टरोल में निरीक्षण के समय तक कोई हाजिरी दर्ज नहीं थी। वीडीओ यादव ने मेट को हाजिरी दर्ज न करने और टास्क के अनुसार कार्य न देने पर सुभाष से मस्टरोल ले लिए। इससे मेट के पति और कुछ मनरेगा श्रमिक नाराज हो गए और गाली-गलौज करने लगे। वीडीओ यादव जब मस्टरोल लेकर अपनी बाइक के पास पहुंचे, तो 4-5 लड़कों ने उनके साथ मारपीट की, धक्का देकर गिरा दिया और मस्टरोल छीन लिए। वे किसी तरह ग्राम पंचायत कार्यालय पहुंचे। इसके बाद पूर्व सरपंच दयाराम गोदारा ने उन्हें फोन कर वापस कार्यस्थल पर बुलाया। वहां पहुंचने पर पूर्व सरपंच गोदारा, मेट पति सुभाष और कई अन्य लोग मौजूद थे। इन लोगों ने वीडीओ यादव को धमकाया और उनकी कमीज की कॉलर पकड़कर सभी श्रमिकों से माफी मांगने को कहा। जब वीडीओ यादव ने माफी मांगने से इनकार किया, तो उनके साथ गाली-गलौज की गई, धक्का देकर गिराया गया और जबरन कान पकड़वाकर उठक-बैठक करवाई गई। उन्हें जबरन माफी मंगवाकर अपमानित किया गया। इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया गया। वीडीओ उदयभान यादव ने राजकीय कार्यों के निर्वहन में बाधा डालने और उन्हें कर्तव्य पालन से रोकने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


