खजुराहो में बुधवार को दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि उन्हें हमेशा ऐसे मुद्दों पर ‘दर्द’ होता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि मोहन चंद्र शर्मा की शहादत को दिग्विजय सिंह ने ‘फर्जी एनकाउंटर’ बताया था और वे आतंकवादियों से मिलने गए थे। जिन्हें बाद में सुप्रीम कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई। उन्होंने आगे कहा कि मध्य प्रदेश के आशीष शर्मा जब नक्सलियों से लड़ते हुए शहीद हुए, तब भी दिग्विजय सिंह को यह एनकाउंटर फर्जी लगा। सांसद शर्मा ने कहा कि हिड़मा जैसे खूंखार नक्सली के मारे जाने पर भी उन्हें पीड़ा हुई। उन्होंने देश से ऐसे विचारों पर गंभीर चिंतन करने का आग्रह किया। एसआईआर देश की सबसे बड़ी आवश्यकता इस दौरान सांसद शर्मा ने ‘एसआईआर’ को देश की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि भारत को अस्थिर करने का प्रयास करने वाले लोग फर्जी आधार कार्ड और पहचान पत्र बनाकर मतदाता सूची में घुसपैठ करते हैं। ऐसे व्यक्तियों की पहचान करना और उन्हें मतदाता सूची से हटाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी क्षेत्र में ऐसा कोई फर्जी मतदाता पाया जाता है, तो उसे तुरंत चिन्हित किया जाए। सांसद शर्मा ने आरोप लगाया कि देश में घुसपैठियों को लेकर सबसे अधिक चिंता उन लोगों को होती है, जो भारत को अस्थिर होते देखना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरपंच से लेकर सांसद तक के लिए एक ही मतदाता सूची का प्रावधान चुनाव आयोग का एक महत्वपूर्ण कदम है। फर्जी मतदाताओं को सूची से नहीं हटाया तो ये बनेंगे मुसीबत सांसद शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि फर्जी मतदाताओं को सूची से नहीं हटाया गया, तो भविष्य में पार्षद या सांसद जैसे जनप्रतिनिधि कम वोटों के अंतर से चुनाव हार सकते हैं। उन्होंने बांग्लादेश सीमा पर लगी कतारों का जिक्र करते हुए कहा कि घुसपैठिए जानते हैं कि भारत में प्रवेश करते ही उनसे दस्तावेजों की मांग होगी, इसलिए वे भाग रहे हैं। उन्होंने बताया कि पन्ना जिले में ही ऐसे 100 लोग पकड़े गए जिनके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। इसलिए, ‘एसआईआर’ केवल चुनाव के लिए नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है। कैबिनेट बैठक की तैयारियों को लेकर बैठक नगर परिषद में सांसद खेल महोत्सव और दिसंबर में प्रस्तावित मध्य प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने की। बैठक में सांसद खेल महोत्सव से संबंधित विभिन्न पहलुओं, खेलों के आयोजन, प्रतिभागियों की संख्या और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।


