रांची | वीमेंस हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) 12 जनवरी से जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में शुरू होगा। आम दर्शकों की एंट्री को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। अब आम दर्शक को मैच देखने के लिए ऑनलाइन टिकट बुक कराने की जरूरत नहीं है। पहले ऑनलाइन एप के जरिए टिकट बुक करना था। टिकट निशुल्क था। वीमेंस एचआईएल का उद्घाटन 12 जनवरी को होगा। समारोह शाम 7.30 बजे से शुरू होगा। इसके लिए शाम 5 बजे से दर्शक स्टेडियम में जा सकेंगे। 12 जनवरी को दिल्ली एसजी पाइपर्स बनाम ओडिशा वॉरियर्स के बीच होने वाले मैच के टाइमिंग में भी बदलाव किया गया है। अब यह मैच रात 8.30 बजे से शुरु होगी। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक कल्पना सोरेन होंगी। इस अवसर पर कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। स्थानीय गायिका राधा श्रीवास्तव अपनी प्रस्तुति देंगी। झारखंड की सांस्कृतिक विरासत का एक जीवंत प्रदर्शनी भी दिखाई जाएगी। आतिशबाजी और लाइट शो होगा। हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि वीमेंस हॉकी इंडिया लीग के आयोजन को लेकर सभी उत्साहित हैं। इससे यहां के खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा। इधर, मंगलवार को बंगाल टाइगर्स और ओडिशा वॉरियर्स की टीम ने स्टेडियम में प्रैक्टिस किया।


