वीर शहीद तेलंगा खड़िया बस स्टैंड बदहाल, समस्याओं का लगा है अंबार

भास्कर न्यूज | सिमडेगा मुख्यालय में स्थित वीर शहीद तेलंगा खड़िया बस स्टैंड वर्तमान में बदहाली की स्थिति से गुजर रहा है। हर दिन हजारों यात्रियों के आवागमन वाले इस महत्वपूर्ण बस अड्डे पर बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव देखने को मिल रहा है। इस बस स्टैंड से प्रतिदिन 100 से अधिक बसें रांची, गुमला, बिहार और ओडिशा के लिए रवाना होती हैं, लेकिन इसके बावजूद यहां की मूलभूत सुविधाएं जर्जर अवस्था में पहुंच चुकी हैं। सबसे गंभीर स्थिति शौचालयों की है, जो न सिर्फ खुले हैं बल्कि गंदगी से अटे पड़े हैं। महिला यात्रियों को इससे सबसे अधिक परेशानी होती है। वहीं शौचालयों से उठती दुर्गंध से बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। यात्री शेड और बेंच भी बेहद जर्जर हैं। शेड की छत और दीवारों से पानी रिसता है, वहीं बैठने के लिए लगाए गए बेंच टूटी-फूटी हालत में हैं। चारों ओर फैली गंदगी से बस स्टैंड की तस्वीर बदहाल हो चुकी है। सुरक्षा व्यवस्था भी नदारद है। न तो सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और न ही किसी गार्ड की प्रतिनियुक्ति की गई है, जिससे शाम ढलते ही यह इलाका असुरक्षित हो जाता है। बस यूनियन के अध्यक्ष दिलीप तिर्की, सचिव राजेंद्र सिंह समेत समिति के अन्य सदस्यों ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि जल्द हालात नहीं सुधरे तो वे राजस्व देना बंद कर देंगे। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि अधिकारी खुद आकर स्थिति का जायजा लें और देखें कि यात्रियों को किस हाल में सफर करना पड़ रहा है। बस यूनियन का दावा है कि इस बस स्टैंड से नगर परिषद को लाखों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है, लेकिन सुविधाएं शून्य के बराबर हैं। इस बाबत पूछे जाने पर नगर परिषद के प्रशासक अरविंद तिर्की ने कहा कि जल्द ही बस स्टैंड की स्थिति में सुधार लाया जाएगा। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बस यूनियन के साथ बैठक कर समाधान निकालने की बात कही गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन की ये बातें कितनी जल्दी ज़मीन पर उतरती हैं। तब तक यात्रियों को इस बदहाल बस स्टैंड से ही अपने सफर की शुरुआत करनी पड़ेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *