अमृतसर | वीवीआईपी मूवमेंट के कारण शुक्रवार को लगे भारी जाम में एक एंबुलेंस फंस गई, जिसमें हार्ट अटैक पीड़ित मरीज मौजूद था। हालात की गंभीरता को देखते हुए एक बाइक सवार ने इंसानियत दिखाते हुए मरीज को बाइक पर बैठाया और सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। दरअसल, राष्ट्रपति को धुंध के कारण पहले जालंधर आना स्थगित करना पड़ा और वह एयरपोर्ट से लौट गईं। इसके बाद दोपहर 12.45 बजे जब राष्ट्रपति दोबारा एयरपोर्ट के लिए रवाना हुईं, तो पुलिस ने दोपहर 12 बजे से ही सड़कों पर बैरिकेडिंग कर दी। इससे शहर की प्रमुख सड़कों पर करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इसी दौरान मॉल रोड से हार्ट अटैक पीड़ित मरीज को अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। खाली लेन से ले गया बाइक…मरीज की हालत बिगड़ती देख एक बाइक सवार आगे आया और बीआरटीएस की खाली लेन का इस्तेमाल करते हुए मरीज को बाइक पर बैठाकर अस्पताल पहुंचाया। समय पर इलाज मिलने से मरीज की जान बच सकी।


