वृद्धा आश्रम के 16 बुजुर्ग महाकाल दर्शन को रवाना:कलेक्टर की पहल पर रेडक्रॉस ने कराई पहली तीर्थ यात्रा

राजगढ़ जिले के एक वृद्धा आश्रम के 16 बुजुर्गों को शनिवार को उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए रवाना किया गया। यह अपनी तरह की पहली तीर्थ यात्रा है, जिसे कलेक्टर गिरीश कुमार मिश्रा की पहल पर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से आयोजित किया गया। कलेक्टर मिश्रा ने बताया कि कुछ बुजुर्गों ने उनसे महाकाल दर्शन की इच्छा जताई थी। उम्र और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के कारण वे स्वयं यात्रा करने में असमर्थ थे। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से उनकी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने का निर्णय लिया। यात्रा पर रवाना होने से पहले वृद्धा आश्रम में भावुक माहौल था। बुजुर्गों के माथे पर तिलक लगाया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग के राजेंद्र गुप्ता ने उन्हें केसरिया अपर्णा पहनाकर स्वागत किया। बस के सामने नारियल फोड़ा गया और यात्रा की मंगल कामना के लिए प्रार्थना की गई। कलेक्टर स्वयं बस में चढ़े, बुजुर्गों से मिले और उन्हें शुभकामनाएं दीं। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव संजय शेखर शर्मा ने इस पहल को मध्य प्रदेश में अपनी तरह का पहला नवाचार बताया। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस ने इससे पहले कभी वृद्धा आश्रम के बुजुर्गों को किसी धार्मिक स्थल की यात्रा नहीं करवाई थी, और यह उनके लिए भी एक प्रेरक कदम है। बुजुर्गों की सुरक्षा और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा गया है। यात्रा के दौरान रेडक्रॉस टीम के सदस्य, एक नायब तहसीलदार, एक महिला नर्सिंग ऑफिसर, वार्ड बॉय और केयर टेकर सभी बुजुर्गों के साथ मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *