वृद्धा की रात में बिगड़ी तबीयत, एम्बुलेंस नहीं पहुंची तो ठेले पर अस्पताल लेकर गए युवा

भास्कर न्यूज | ​जशपुरनगर शहर में एम्बुलेंस 108 की सुविधा समय पर न मिल पाने के कारण युवाओं ने बीमार महिला को ठेले पर लिटाकर अस्पताल पहुंचाया। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठ रहे हैं। घटना रविवार की रात करीब 8 बजे की है। दरबारी टोली निवासी रजनी होता (70) जिला अस्पताल के पास अकेले रहती है। वृद्धा की रात में अचानक तबीयत बिगड़ गई। सिर दर्द के साथ उल्टियां होने लगी। लोगों को इसकी जानकारी मिली, तो वेद प्रकाश तिवारी अपने साथी शंकर ताम्रकार, विशाल नायक, मंगल पांडे और राजेश गुप्ता के साथ मदद करने पहुंचे। ^कभी-कभी लाइन व्यस्त होने जैसे तकनीकी कारणों से 108 की सहायता मिलने में देरी हो सकती है। बुजुर्ग महिला का जिला अस्पताल में बेहतर उपचार किया जा रहा है। उनके स्वास्थ्य में अब निरंतर सुधार हो रहा है। -डॉ.जात्रा, सीएमएचओ, जशपुर। ​वेद प्रकाश तिवारी ने बताया कि बुजुर्ग महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्होंने तुरंत एम्बुलेंस 108 को कॉल किया। कई बार कोशिश के बाद भी एम्बुलेंस की सहायता नहीं मिल पाई। उनकी बिगड़ती स्थिति देखकर युवाओं ने एम्बुलेंस का इंतजार करने के बजाय पास खड़े हाथ ठेले का सहारा लिया। बुजुर्ग महिला को उस पर लिटाकर जिला चिकित्सालय पहुंचे। सीएमएचओ डॉ. जीएस जात्रा मामले की जानकारी मिलते ही महिला के घर के पास पहुंचे और जानकारी ली। हाई बीपी के कारण उन्हें उल्टियां और दर्द की शिकायत हुई थी। ​एम्बुलेंस न मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि नेटवर्क या लाइन व्यस्त होने के कारण तकनीकी समस्या आ जाती है। उन्होंने स्वयं मौके पर जाकर कॉल चेक किया, तब रिस्पॉन्स मिला।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *