वेटरनरी यूनिवर्सिटी और पीडीएफए में एमओयू, विदेशी नस्ल की गायों से बनेगा उच्च गुणवत्ता वाला वीर्य टीका

भास्कर न्यूज| लुधियाना गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी और प्रोग्रेसिव डेयरी फॉर्मरज एसोसिएशन (पीडीएफए) ने डेयरी क्षेत्र को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस पहल का मकसद पंजाब में विदेशी नस्ल की गायों का स्थायी नस्ल सुधार करना, दूध उत्पादन बढ़ाना और किसानों को किफायती दरों पर लाभ पहुंचाना है। समझौते के तहत पीडीएफए सदस्यों की बेहतरीन एचएफ और जर्सी नस्ल की गायों से उच्च गुणवत्ता वाले बछड़ों का चयन होगा। इन बछड़ों से वेटरनरी यूनिवर्सिटी उत्तम स्तर के वीर्य टीके तैयार करेगा और इन्हें किसानों तक सस्ती दरों पर उपलब्ध कराया जाएगा। वाइस चांसलर डॉ. जतिंदर पाल सिंह गिल ने कहा कि यह समझौता पंजाब में डेयरी क्षेत्र के लिए क्रांतिकारी बदलाव साबित होगा। इससे नस्ल सुधार को नई दिशा मिलेगी और किसानों को सीधा आर्थिक फायदा होगा। पीडीएफए अध्यक्ष दलजीत सिंह गिल ने कहा कि पंजाब के डेयरी किसान एचएफ और जर्सी नस्ल की गायों को प्राथमिकता देते हैं, लेकिन उच्च गुणवत्ता वाले वीर्य टीके आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाते। अब यह समस्या खत्म होगी और किसानों को देश में ही उचित मूल्य पर विश्वस्तरीय गुणवत्ता वाले टीके मिलेंगे। डॉ. प्रकाश सिंह बराड़, निदेशक अनुसंधान, ने बताया कि दुनियाभर में प्रसिद्ध एचएफ और जर्सी नस्लें पंजाब के दूध उत्पादन में लगभग 40% योगदान दे रही हैं। डॉ. रविंदर सिंह ग्रेवाल, निदेशक प्रसार शिक्षा, ने कहा कि पंजाब अब देश में एचएफ और जर्सी गायों का अग्रणी उत्पादक बन चुका है और इसमें प्रगतिशील डेयरी किसानों का बड़ा योगदान है। इस एमओयू से उच्च गुणवत्ता वाले वीर्य टीकों की उपलब्धता अब आसान और सस्ती होगी। इसका लाभ सिर्फ पंजाब ही नहीं बल्कि पूरे देश के डेयरी उद्योग को मिलेगा। इससे दूध उत्पादन और किसानों की आमदनी दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *