भास्कर न्यूज |अमृतसर जीएसटी प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से कारोबारियों के कई महीनों से रुके हुए वेट और जीएसटी रिफंड जल्द जारी करने की मांग की है। एसोसिएशन के प्रधान विकास खन्ना और महासचिव सुनील अरोड़ा ने कराधान विभाग की डिप्टी कमिश्नर राजविंदर कौर को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम दिया गया। ज्ञापन में लिखा गया कि कई महीनों से वेट और जीएसटी रिफंड अटके हुए हैं। इससे कारोबारियों पर आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। आलम यह है कि एमएसएमई से जुड़े उद्योगपतियों व अन्य कारोबारियों को अपनी अपनी औद्योगिक इकाईयों की लेबर व कर्मचारियों को समय पर वेतन की अदायगी करना भी कठिन हो गया है। वर्किंग केपिटल इनकम की कमी से कारोबारियों के उन्नति के द्वार बंद हो गए हैं। नतीजन प्रदेश की आर्थिक विकास की रफ्तार भी थम गई है। बैंकों से लिए गए कर्ज पर समय पर ब्याज की अदायगी का दबाव बढ़ता जा रहा है। इसके चलते कारोबारियों के बैंक लोन डिफाल्टर होने की संभावनाएं बढ़ गई हैं। इससे कारोबारियों की क्रेडिबिलटी पर भी असर पड़ रहा है। नतीजन इंडस्ट्री में रोजगार के अवसर भी कम पड़ते जा रहे हैं। नौजवानों को रोजगार हासिल होना कम हो गया है। उद्योगपति नए कर्मचारियों की भर्ती करने से हिचकिचा रहे हैं। नतीजन नए रोजगार के अवसर कम होने लगे हैं। इससे बेरोजगारी बढ़ेगी। खन्ना व अरोड़ा ने कहा कि कारोबारियों को इससे राहत दिलाने के लिए जरूरी है कि आप सरकार व्यापारियों के लंबित वेट व जीएसटी संबंधी राशि को जल्द से जारी करे। उन्होंने मुख्यमंत्री मान से इस गंभीर मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग को आवश्यक आदेश जारी करने की मांग भी की है।


