वेनेज़ुएला के समर्थन में कल ट्रेड यूनियनें जलाएंगी ट्रंप का पुतला

लुधियाना| यूनाइटेड फ्रंट ऑफ ट्रेड यूनियंस की एक महत्वपूर्ण बैठक कॉमरेड विनोद तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें एटक, इंटक, सीटू और सीटीयू पंजाब के नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए कई बड़े आंदोलनों का निर्णय लिया गया। वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ ट्रेड यूनियंस के आह्वान पर वेनेज़ुएला के समर्थन में 22 जनवरी को लुधियाना में ‘सॉलिडैरिटी डे’ मनाया जाएगा। इस दौरान ट्रेड यूनियनें एकजुट होकर विरोध मार्च निकालेंगी और बस स्टैंड के सामने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला फूंका जाएगा। यूनियन नेताओं ने वेनेज़ुएला के आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप और केंद्र की मोदी सरकार द्वारा मजदूर अधिकारों पर किए जा रहे हमलों की कड़ी निंदा की। आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए नेताओं ने बताया कि 26 जनवरी के सांझे कार्यक्रम पर अंतिम फैसला 22 जनवरी को एसकेएम और जिला ट्रेड यूनियनों की बैठक में होगा। इसके अतिरिक्त, 27 जनवरी को सभी संस्थानों में हड़ताल का नोटिस जारी किया जाएगा और 28 जनवरी को दोपहर 12 बजे असिस्टेंट लेबर कमिश्नर को संयुक्त रूप से नोटिस सौंपा जाएगा। 12 फरवरी की देशव्यापी हड़ताल की तैयारी के लिए 1 फरवरी को ईसड़ू भवन में जिला स्तरीय कन्वेंशन बुलाई गई है। बैठक में एम.एस. भाटिया, अमरनाथ कूम कला सहित अन्य प्रमुख नेता उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *