भास्कर न्यूज | अमृतसर प्रशासन की तरफ से 15 जुलाई से ऑनलाइन रजिस्ट्री शुरू कराने की तैयारियां जोरों पर चल रही है। जिसे लेकर शुक्रवार को 3 तहसीलों में ट्रायल कराया गया। लेकिन दोपहर 12 बजे तक एनजीडीआरएस और ईजी रजिस्ट्री पोर्टल की वेबसाइट बंद रही। हालांकि वेबसाइट ओपन होने के बाद 3 ज्वाइंट सब-रजिस्ट्रार के पास 38 अप्वाइंटमेंट रजिस्ट्री के लिए आए। इनमें ईजी रजिस्ट्री पोर्टल के 23 दस्तावेज तस्दीक हुए, जबकि एनजीडीआरएस वेबसाइट के जरिए 17 पार्टियों की रजिस्ट्री हुई। ज्वाइंट सब-रजिस्ट्रारों ने दस्तावेज तस्दीक कराने के बाद एक घंटे में पार्टियों को ओरििजनल कॉपी सौंपी। रजिस्ट्री की हार्ड कॉपी सौंपते ज्वाइंट-सब-रजिस्ट्रार प्रियंका बंसल, स्पर्श कौर। पंजाब लैंड रिकार्ड सोसायटी (पीएलआएरएस) के अफसर डीएसएम ने बीते 3 जुलाई को मैसेज दे दिया कि सॉफ्टवेयर में अपडेशन के कारण अप्वाइंटमेंट न लें। एनजीडीआरएस की वेबसाइट भी नहीं चलेगी। जिसके बाद यह एडवोकेट-डीड राइटर व लोगों में तेजी से वायरल हो गया। हालांकि दैनिक भास्कर ने जब उच्च अफसरों की नोटिस में पूरा मामला लाया तो देर रात 8.36 बजे दोबारा से यह मैसेज सर्कुलेट हुआ कि नए पोर्टल पर सॉफ्टवेयर अपडेशन जैसी कोई बात नहीं है, रुटीन की तरह ट्रायल के दिन रजिस्ट्री से जुड़े काम होंगे। मगर लोगों में डर था कि कहीं वेबसाइटों ने काम नहीं किया तो समय बर्बाद हो जाए। इसलिए रजिस्ट्री कम हुई। रुटीन में डेली 180 दस्तावेज तस्दीक होते हैं जो घटकर 20 फीसदी तक ही रह गए। रेंडमाइज होकर ज्वाइंट सब-रजिस्ट्रारों के पास रजिस्ट्री कराने के लिए डॉक्यूमेंट पहुंचे। उदाहरण के तौर पर जिन रजिस्ट्री दफ्तरों में ईजी रजिस्ट्री पोर्टल के जरिए 10 अप्वाइंटमेंट पहुंचे तो कंप्यूटर में ही रैंडमाइज होकर 2 सब-रजिस्ट्रारों की आईडी में 5-5 रजिस्ट्रियां तस्दीक करने के लिए उनकी आईडी में पहुंच गईं। यह सिस्टम इसलिए बनाया गया है कि पहले से किसी सब-रजिस्ट्रार व मुलाजिम को जानकारी नहीं रहे कि किस पार्टी की रजिस्ट्री किस सब-रजिस्ट्रार दफ्तर में होनी है। इससे रजिस्ट्री करने के पहले किसी तरह की सेटिंग नहीं कर पाएंगे।


