भास्कर न्यूज | लुधियाना वेरका मिल्क यूनियन में अमानत में खयानत का एक बड़ा मामला सामने आया है। संस्थान के एक जिम्मेदार कर्मचारी पर लाखों रुपये की रकम जमा न करवाकर गबन करने के आरोप लगे हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान राजिंदर सिंह के रूप में हुई है, जो मिल्क यूनियन में मिल्क बार इंचार्ज के पद पर तैनात था। उसके जिम्मे मिल्क बार में रोजाना होने वाली दूध और डेयरी उत्पादों की बिक्री से प्राप्त नकदी संभालने की जिम्मेदारी थी। नियमों के अनुसार यह राशि प्रतिदिन यूनियन की अकाउंट ब्रांच में जमा करवाई जानी थी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने यह रकम नियमित रूप से जमा नहीं करवाई। रिकॉर्ड की जांच के दौरान लगभग 8,62,849 रुपये की कमी पाई गई। आरोप है कि यह पूरी रकम यूनियन के खाते में जमा करवाने के बजाय खुद के उपयोग में लाई गई। जब विभागीय स्तर पर मिलान किया गया तो गड़बड़ी उजागर हुई। इसके बाद मिल्क यूनियन के जनरल मैनेजर की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत दी गई। शिकायत मिलने के बाद संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि गबन कब से चल रहा था और रकम किस-किस तारीख में जमा नहीं करवाई गई। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस मामले में कोई अन्य कर्मचारी भी शामिल है।


