– सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर सामने आए ई-पोस्टर्स जोधपुर। विश्व हिंदू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल शहर में 14 फरवरी वेलेंटाइन डे पर शहर में पाश्चात्य संस्कृति को बढ़ावा देने वाले कैफे-रेस्टोरेंट को चेतावनी रूपी अपील कर इस तरह का कोई आयोजन नहीं करने को कहा है। इस संबंध में गुरुवार शाम को ही सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म के माध्यम से ई-पोस्टर भी वायरल किए गए हैं। बजरंग दल के जिला संयोजक चेतन गोयल व यशपाल कच्छवाहा ने पोस्टर जारी कर बताया कि शहर में ऐसी पाश्चात्य संस्कृति को बढ़ावा देने वाले कैफे रेस्टोरेंट संचालक यदि शुक्रवार को वेलेंटाइन डे को बढ़ावा देने वाले किसी प्रकार का आयोजन करते हैं, तो बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर जाकर आक्रोश जताएंगे। बजरंग दल दक्षिण जिले के संयोजक हिमांशु चांडक ने कहा कि धार्मिक सांस्कृतिक राजधानी कहे जाने वाले शहर में ऐसे फूहड़ आयोजन से युवा पीढ़ी नशे व आपराधिक प्रवृत्ति की ओर बढ़ती है, जो समाज को कलंकित कर सभ्य समाज को अशांत करती है। इससे युवा पीढ़ी को बचाने के लिए बजरंग दल कार्यकर्ता शुक्रवार शाम रैली निकाल बाजार, पार्क व रेस्टोरेंट कैफे में होने वाले आयोजन पर नजर भी रखेंगे और जहां भी कोई इस तरह के आयोजन करेगा, वहां विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।


