वेलेंटाइन वीक में कपल्स ने पॉटरी व्हील पर रचीं प्यार भरी यादें

वेलेंटाइन सप्ताह के दौरान कपल्स और युवाओं के लिए एक कैफे में खास पॉटरी वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इस वर्कशॉप में प्रतिभागियों को पॉटरी व्हील पर वॉस बनाना सिखाया गया। इसके अलावा मिट्टी से कप, मग, ट्रे जैसी आकर्षक चीजें बनाने की प्रक्रिया से भी उन्हें रूबरू कराया गया। मॉडल टाउन निवासी रशिका और ध्रुव सहित कई कपल्स ने पहली बार पॉटरी व्हील पर हाथ आजमाया और अपने पार्टनर के साथ मिलकर खूबसूरत फ्लॉवर वॉस तैयार किए। रशिका और ध्रुव ने मिट्टी से बिल्ली के आकार का एक प्यारा पेन होल्डर भी बनाया। उनका कहना था कि भागदौड़ भरी जिंदगी में इस तरह की वर्कशॉप एक-दूसरे के साथ क्वालिटी टाइम बिताने और खूबसूरत यादें संजोने का एक बेहतरीन व यूनिक तरीका है। वर्कशॉप में करीब 25 लोगों ने हिस्सा लिया। इनमें मर्चेंट नेवी में कार्यरत करण शर्मा अपनी पार्टनर रंजना के साथ पहुंचे। करण ने बताया कि वह पहली बार इस तरह की वर्कशॉप में शामिल हुए हैं, जहां काम की व्यस्तता से दूर रहकर उन्होंने अपनी पार्टनर के साथ अच्छा समय बिताया। वहीं दीपशिखा, जो दूसरी बार इस वर्कशॉप का हिस्सा बनीं, ने बताया कि मिट्टी से आकृतियां बनाना उनका शौक है। वर्कशॉप के ट्रेनर दीपाली और संजय ने बताया कि वैलेंटाइन वीक के दौरान युवाओं में पॉटरी का क्रेज काफी बढ़ जाता है। फिल्मों के रोमांटिक दृश्यों से प्रेरित होकर कई कपल्स इस कला में रुचि दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मिट्टी को आकार देने की यह प्रक्रिया न केवल रचनात्मकता को बढ़ाती है, बल्कि पार्टनर के साथ आपसी समझ और तालमेल को भी बेहतर बनाती है। इस वर्कशॉप के जरिए युवाओं ने अपनी खुद की बनाई चीजों को यादों के रूप में सहेजने का आनंद लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *