पॉलिटिकल रिपोर्टर| रांची प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के. राजू ने कहा कि झारखंड में वोट चोरी के खिलाफ राज्य स्तरीय रैली की जाएगी। जिसमें खास तौर पर संगठन के लोग शामिल होंगे। इसके साथ ही पंचायत कमेटी के लोग घर-घर जाकर फार्म पर जनता से वोट चोरी के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा वोट चोरी का षड्यंत्र कर रही है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान को आगे बढ़ा रही है। झारखंड मे अगले एक महीने में इस अभियान की शुरुआत होगी। हर पंचायत कमेटी को इसकी जिम्मेदारी दी जाएगी। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू बुधवार को पुराना विधानसभा सभागार में प्रेस वार्ता में बोल रहे थे। पुराना विधानसभा सभागार में पार्टी नेताओं को संबोधित करते के. राजू । राज्य स्तरीय रैली में सिर्फ कांग्रेस के लोग ही होंगे शामिल के. राजू ने कहा कि झारखंड में होने वाली राज्य स्तरीय रैली में सिर्फ कांग्रेसजन ही शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन का अभियान जारी है और अगले 45 दिनों में इसे पूरा कर लिया जाएगा। प्रदेश, जिला एवं प्रखंड स्तर के अलावा सभी पंचायत और बूथ स्तर से पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को राज्य स्तरीय रैली में बुलाया जाएगा। उन्हें वोट चोरी के बारे में बताया जाएगा। अगर झारखंड में एसआईआर होता है, तो कांग्रेस बीएलए के माध्यम से वोट को सुरक्षित करने का प्रयास करेगी। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस को जनमुद्दों पर काम करना होगा, ताकि जनता का विश्वास हासिल कर सकें।


