भास्कर न्यूज | अमृतसर डीएवी इंटरनेशनल स्कूल में प्रिं. डॉ. अंजना गुप्ता की अध्यक्षता में पूर्व स्टूडेंट्स के लिए पुनर्मिलन कार्यक्रम ‘फिर वही डीएवी का आंगन’ का आयोजन किया गया। स्कूल प्रांगण में पूर्व स्टूडेंट्स का अभिनंदन तिलक लगा कर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन व डीएवी गायन से हुआ। पूर्व स्टूडेंट्स द्वारा हर्षोल्लास के साथ प्रिंसीपल डॉ. अंजना गुप्ता को पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। स्टूडेंट्स द्वारा महालक्ष्मी स्त्रोत पर नृत्य गीत, पंजाबी लोक-नाच गिद्दा और नाटक बैक टू स्कूल प्रस्तुत किया गया। इस नाटक के माध्यम से बताया गया कि व्यक्ति जीवन में जो कुछ भी बनता है उसमें विद्यालय का कितना योगदान होता है। व्यक्ति के जीवन को सही आकृति विद्यालय में ही मिलती है। प्रिं. डॉ. अंजना गुप्ता ने कहा कि अपने लक्ष्यों को पाकर गौरव अनुभव कर रहे हैं। किसी भी व्यक्ति की पहचान उसके जीवन मूल्यों और संस्कारों से होती है और ये मूल्य व संस्कार व्यक्ति अपने स्कूल और घर से ही सीखता है। हमारे स्कूल में नैतिक मूल्यों और संस्कारों पर विशेष बल दिया जाता है।


