भरतपुर जिले की वैर थाना पुलिस ने 10-10 हजार के इनामी दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने 3 लाख 75 हजार रुपए लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस दोनों आरोपियों को पिछले 2 साल से ढूंढ रही थी। वैर थाना अधिकारी जनक सिंह ने बताया कि 2 अप्रैल 2023 को विनोद कुमार निवासी पुरानी सब्जी मंडी बयाना ने FIR दर्ज करवाते हुए बताया था कि विनोद कुमार का साबुन का व्यापार है और उसके दोस्त हरिओम का घी का व्यापार है। 2 अप्रैल को वह भुसावर दुकानदारों से उगाही करने गए थे। जैसे ही विनोद और हरिओम जगजीवनपुर गांव पहुंचे तो, उनके पीछे से तीन बाइक सवार बदमाश आये। बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक को लात मारी जिससे हरिओम और विनोद गिर गए। दोनों व्यापारियों के पैसे एक ही बैग में थे। बैग विनोद के पास था। जैसे ही विनोद ने बाइक सवार बदमाशों का विरोध किया तो, उसमें से एक बदमाश ने विनोद के पैर में गोली मार दी और हरिओम से मारपीट करते हुए। विनोद से बैग छीन लिया। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। जिन पर 10-10 हजार का इनाम घोषित किया हुआ था। आज दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।


