व्यापारी का 20 लाख रुपए से भरा बैग छीनकर लूट:अशोकनगर में बाइक से टक्कर मारकर पीटा, कट्टे से हवाई फायर किया

अशोकनगर–गुना रोड पर बुधवार दोपहर एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई। नगऊखेड़ी गांव के पास रेलवे फाटक पर चार नकाबपोश बदमाशों ने एक व्यापारी की बाइक को टक्कर मारकर 20 लाख रुपए लूट लिए। घटना दिनदहाड़े हुई और बदमाश कट्टे से हवाई फायर कर मौके से फरार हो गए। पीड़ित नीरज साहू, निवासी शाढौरा, कृषि उपज मंडी में मक्का खरीद-फरोख्त का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे ICICI बैंक से 20 लाख रुपए निकालकर स्कूटी से शाढौरा लौट रहे थे। रेलवे फाटक और नगऊखेड़ी के बीच अचानक एक बाइक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मारी। नीरज सड़क पर गिर गए। तभी दूसरी बाइक पर सवार दो और बदमाश आ पहुंचे और उन्होंने आगे–पीछे से घेर लिया। कुल चार बदमाश दो बाइकों पर थे सभी नकाबपोश। लॉक डिक्की तोड़कर बैग छीना, विरोध पर मारपीट
टक्कर लगते ही स्कूटी की डिक्की लॉक हो गई थी जिसमें रुपए से भरा बैग रखा था।दो बदमाश नीरज को पीटते रहे और दो डिग्गी खोलने की कोशिश करते रहे। बैग निकालने के बाद नीरज ने पकड़कर रोकने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान बदमाशों ने डंडे से उनके हाथ पर वार किया। कट्टे से हवाई फायर किया। सिर और शरीर पर मारपीट की। फायरिंग के बाद नीरज बैग छोड़ने को मजबूर हो गए और बदमाश रुपए लेकर अशोकनगर की दिशा में भाग निकले। मदद के बिना तड़पता रहा पीड़ित
नीरज के मुताबिक, घटना के दौरान कई बाइक और कारें वहां से गुजरीं, लेकिन किसी ने रुककर मदद नहीं की। वह घायल हालत में सड़क पर पड़े चिल्लाते रहे, लेकिन बदमाश आराम से भाग निकले। उनके सिर के पिछले हिस्से से काफी खून बह रहा था। पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही शाढौरा पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस सीसीटीवी, बैंक से निकलने के बाद की मूवमेंट और बदमाशों द्वारा इस्तेमाल की गई बाइकों की संभावित लोकेशन खंगाल रही है। यह भी जांच का विषय है कि क्या किसी ने व्यापारी की नकदी निकासी की जानकारी पहले से बदमाशों तक पहुंचाई थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *