भास्कर न्यूज | अंबिकापुर पश्चिम बंगाल से मछली बेचने आए एक व्यवसायी को शहर के मौलबी बांध की तरफ कुछ बदमाशों ने पकड़ लिया। उससे मारपीट की और 35 हजार, मोबाइल-पर्स लूटकर भाग गए, फिर उसे जबरन अपने साथ बाइक पर बैठाकर अपने साथ लेकर कमरे में बंद कर दिए। बदमाश उससे मारपीट कर दो लाख रुपए की मांग करने लगे। व्यवसायी ने अपने साथी के माध्यम से करीब 1 लाख रुपए उन्हें और दिया। इसके बाद बुधवार सुबह व्यवसायी को बदमाशों ने छोड़ा तो मामले का खुलासा हुआ। व्यवसायी अरूप दास निवासी नारायणपुरा बालिसखाना, भाटपाड़ा, जिला उत्तर 24 परगना (पश्चिम बंगाल) ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई तो पुलिस हरकत में आई। साइबर सेल व कोतवाली पुलिस ने दो आरोपी अलताब खान व शरद चौधरी को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खातों में जमा 56 हजार रुपए होल्ड कराए गए हैं। अलताब लुंड्रा थाना अंतर्गत ग्राम जहराडीह, जबकि शरद चौधरी अंबिकापुर के दर्रीपारा का रहने वाला है। फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।


