भीलवाड़ा | नगर निगम की ओर से सिंगल यूज प्लास्टिक, प्लास्टिक कैरी बैग की रोकथाम, गंदगी फैलाने वालों तथा अस्थायी अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान सोमवार को भी जारी रहा। अभियान की शुरुआत सुबह 10 बजे महाराणा टॉकिज चौराहा से की गई। यहां से कार्रवाई करते हुए गुलमंडी, बड़ा मंदिर तथा धानमंडी तक फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण हटाए। अधिकांश व्यापारियों ने खुद सहयोग करते हुए फुटपाथ और नालियों पर किया अतिक्रमण हटा लिया। करीब 60 दुकानों के बाहर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। आयुक्त हेमाराम चौधरी ने बताया कि अभियान के दौरान मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी संजय खोखर, होमगार्ड इंचार्ज जोरावर सिंह सहित संबंधित क्षेत्र के स्वास्थ्य निरीक्षक और जमादार उपस्थित रहे। कार्रवाई के दौरान क्षतिग्रस्त सड़क और नालियों को फिर से बनाने का काम भी निगम की ओर से तेज गति से कराया जा रहा है। जहां कहीं सड़क और नाली के बीच कच्ची जगह है, वहां पक्की सड़क निर्माण भी सुनिश्चित किया जाएगा। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि शहर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।


