व्यापारी देश का सबसे बड़ा टैक्स दाता है: जैन

भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के प्रधान प्यारे लाल सेठ एवं महासचिव समीर जैन ने पंजाब सरकार का ध्यान प्रदेश के मंदी के दौर से गुजर रहे व्यापार एवं उद्योग के समक्ष दिलाया है। उन्होंने सीएम भगवंत मान का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए उम्मीद जताई है कि आने वाला वर्ष पंजाब के व्यापारियों के लिए राहत और विश्वास बहाली का वर्ष साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था के कारण व्यापारी वर्ग भय और असुरक्षा के माहौल में कार्य कर रहा है। लूट, चोरी, जबरन वसूली और धमकियों की घटनाओं में वृद्धि से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। व्यापारी की सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। क्योंकि भयमुक्त वातावरण के बिना न निवेश, न रोजगार दे पाना संभव है। व्यापारी असुरक्षित रहेगा तो प्रदेश में नया निवेश नहीं हो सकेगा। उद्योग नहीं लगेंगे और रोजगार सृजन प्रभावित होगा। विकसित पंजाब के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए व्यापारी को सशक्त और सुरक्षित करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जीएसटी विभाग द्वारा बिना पूर्व सूचना घर-घर, दुकान दुकान जाकर किए जा रहे सर्वे से व्यापारी वर्ग में भय का माहौल है। व्यापारी कोई अपराधी नहीं है कि उस पर अचानक दबिश दी जाए। उन्होंने कहा कि जीएसटी प्रणाली को भी सरल और व्यापारी-हितैषी बनाया जाना चाहिए। व्यापारी टैक्स देने के विरोध में नहीं है, बल्कि वह देश का सबसे बड़ा टैक्स दाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *