छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में चाकू की नोंक पर व्यापारी से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले मास्टरमाइंड नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। नाबालिग व्यापारी के दुकान पर काम करता था और उसी ने ही यह प्लानिंग की थी। मामला चौकी नैला क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, नाबालिग ने इंस्टाग्राम पर अपने साथियों को ‘थम’ भेजकर सिग्नल दिया था। जिसके बाद उन्होंने लूट की थी। पुलिस ने आरोपियों के पास लूटी गई रकम 10 लाख 44 हजार, बाइक और हथियार बरामद किए हैं। इस मामले में आरोपियों का साथ देने वाला एक युवक फरार चल रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है। देखिए पहले ये तस्वीरें… जानिए कब और कैसे दिया वारदात को अंजाम दरअसल, यह घटना 6 सितंबर की रात करीब 9:15 बजे नैला गली, कुबेर पारा में हुई थी। व्यापारी अरुण कुमार अग्रवाल अपनी दुकान से स्कूटी में रकम लेकर घर लौट रहे थे, तभी नकाबपोश दो युवकों ने उन्हें चाकू दिखाकर पैसे से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल के रिक्रिएशन से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस को शक हुआ कि घटना में कोई जानकार व्यक्ति शामिल हो सकता है। जांच के दौरान व्यापारी की दुकान में काम करने वाले 17 वर्षीय नाबालिग पर संदेह हुआ, जो घटना के वक्त लगातार मोबाइल पर बात कर रहा था। सोशल मीडिया पर दिया थम का इशारा पूछताछ में नाबालिग ने जुर्म कबूलते हुए बताया कि लूट की योजना 17 दिन पहले बनाई गई थी। 6 सितंबर को जब व्यापारी अकेले दुकान बंद कर निकल रहे थे, तब उसने इंस्टाग्राम पर अपने साथी नितेश पंडित (21) को “थम” का इशारा दिया, जिसका मतलब था कि व्यापारी अकेले जा रहे हैं। लूट की रकम को गड्ढे में गाड़ा इसके बाद नितेश ने अपने साथी मुकेश सूर्यवंशी (19) के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद तीनों आरोपी एक अन्य युवक के साथ स्कूटी पर सवार होकर अमोरा चले गए और लूटी गई रकम को एक गड्ढे में गाड़ दिया। पुलिस ने नाबालिग की निशानदेही पर रकम को बरामद कर लिया। शराब दुकान में भी डाली थी डकैती पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मुकेश सूर्यवंशी, नितेश पंडित और चंदन सूर्यवंशी ने 18 जुलाई 2025 को ग्राम बोड़सरा स्थित शराब दुकान का ताला तोड़कर, दीवार उखाड़कर 2.40 लाख रुपए की डकैती की थी। इस मामले में आरोपियों के पास से 66 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। फरार आरोपी की तलाश जारी SP विजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि नाबालिग ने व्यापारी को अकेला पाकर इंस्टाग्राम पर अपने साथियों को संकेत दिया। लूट के बाद आरोपियों ने पैसों को एक गड्ढे में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वहां से पूरी रकम बरामद कर ली है। तीनों के खिलाफ लूट सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से मास्टरमाइंड नाबालिग को बाल संप्रेक्षण ग्रह और दोनों युवकों न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। आरोपी चंदन सूर्यवंशी फरार है,जिसकी तलाश जारी है। …………………………. क्राइम से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… रायपुर में दिनदहाड़े 2 वारदात…युवक को चाकू से गोदा:खमतराई में चाकूबाजी CCTV में कैद; गुढ़ियारी में महिला को बंधक बनाकर 8 लाख की लूट राजधानी रायपुर में 24 घंटे के अंदर क्राइम की 2 बड़ी घटनाएं हुईं। मंगलवार को खमतराई थाना इलाके में दिनदहाड़े एक युवक पर बदमाश ने चाकू से हमला कर दिया। वहीं दूसरी तरफ गुढ़ियारी में एक घर में महिला को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। पढ़ें पूरी खबर…


