रांची सहित प्रदेश के सभी जिलों के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों को सुरक्षित, व्यवस्थित और व्यापार-अनुकूल बनाया जाए, ताकि शहर और जिलों की सकारात्मक छवि और मजबूत हो। ये बातें चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने बुधवार को झारखंड चैंबर की पुलिस–व्यवसायी समन्वय समिति की बैठक में कही। डेली मार्केट थाना परिसर में हुई बैठक में थाना प्रभारी रवि कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर पवन कुमार सहित समेत अन्य व्यवसायी मौजूद थे। इसका उद्देश्य पुलिस और व्यवसायी वर्ग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और क्षेत्र की विधि-व्यवस्था से संबंधित समस्याओं और सुझावों पर चर्चा करना था। बैठक में मेन रोड की विभिन्न गलियों जैसे ओसीसी कंपाउंड, एसएन गांगुली रोड, विष्णु गली और लालजी हिरजी रोड में ठेले-खोमचों और ई-रिक्शा के कारण उत्पन्न जाम की समस्या पर चर्चा की गई। थाना प्रभारी ने आवश्यक संसाधनों की कमी का मुद्दा भी रखा, जिस पर चैंबर अध्यक्ष ने डीजीपी से चर्चा करने की बात कही। लॉ एंड ऑर्डर उप समिति के चेयरमैन मुकेश अग्रवाल कहा कि पुलिस, नगर निगम और व्यवसायी समाज तीनों का बेहतर तालमेल आवश्यक है। मेन रोड में पार्किंग की समस्या का उठाया मुद्दा व्यापारियों ने कहा कि मेन रोड में ग्राहकों और दुकानदारों दोनों के लिए पार्किंग की कठिनाई दिन प्रतिदिन बढ़ रही है, क्योंकि पार्किंग स्थल पर ठेले कब्जा जमा लेते हैं। यह सुझाव दिया गया कि एक सार्वजनिक साइनेज लगाया जाए, ताकि ट्रैफिक बाधित होने की स्थिति में संबंधित नंबरों पर सूचना भेजी जा सके। सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग डेली मार्केट थाना द्वारा मेंटेन की जाए, ताकि संदिग्ध गतिविधियों की पहचान में मदद मिल सके, जिस पर थाना प्रभारी ने सहमति जताई। रात में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने का सुझाव दिया गया। बैठक में अनीश बुधिया, प्रदीप जैन, पूनम आनंद, प्रेम मित्तल और बिनोद टेकरीवाल ने भी अपने विचार साझा किए। कट बंद से होने वाली असुविधाओं से कराया अवगत शहर के बीच स्थित इस थाना में टाइगर मोबाइल, महिला बल और एक पीसीआर वैन की उपलब्धता अनिवार्य है। थाना प्रभारी द्वारा दुकानों के बाहर नशेड़ियों के जमावड़े पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया। वेंडरों के साथ अलग से बैठक, डेली मार्केट दुकानदार संघ के व्यापारियों ने कट बंद होने से होने वाली असुविधाओं के बारे में बताया। गुरुद्वारा के पास रविवार को लगने वाले मार्केट से उत्पन्न जाम की समस्या से अवगत कराया। मेन रोड, हनुमान मंदिर के पास लगने वाले जाम की समस्या के समाधान के लिए मंदिर समिति तत्पर है। ट्रैफिक पुलिस के साथ बैठक कर समाधान निकाला जा सकता है। थाना प्रभारी ने स्थल का जायजा लिया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।


