करौली की मामचारी थाना पुलिस ने व्हाट्सएप पर अश्लील सामग्री भेजकर ब्लैकमेलिंग करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कमरपुर निवासी 20 वर्षीय मनीष कुमार के रूप में हुई है। मामचारी थाना अधिकारी कमलेश मीणा के नेतृत्व में चल रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर कमरपुर रोड पर छापेमारी की गई, जहां एक संदिग्ध युवक मिला। पुलिस को देखते ही उसके व्यवहार में घबराहट दिखी। जब पुलिस ने उसके मोबाइल की जांच की, तो पता चला कि वह व्हाट्सएप के जरिए अश्लील फोटो और वीडियो भेजकर लोगों को ब्लैकमेल कर रहा था। पुलिस ने तत्काल उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से एक मोटरसाइकिल और स्मार्टफोन जब्त किए। कैला देवी थाना अधिकारी ताराचंद के नेतृत्व में चल रही जांच में आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में आरोपी के अन्य आपराधिक गतिविधियों का भी खुलासा हो सकता है। इस कार्रवाई में हेड कॉन्स्टेबल विनोद कुमार, कॉन्स्टेबल वीरेंद्र सिंह, बंटी सिंह और सत्येंद्र की अहम भूमिका रही।


