शंकर मंदिर के पास रास लीला का मंचन 21 से

रायगढ़| श्री युगल उपासक उत्सव मंडल ने रायगढ़ में बैठक कर आगामी श्री कृष्ण लीला महोत्सव की तैयारियों पर चर्चा की। यह महोत्सव निम्बार्क संप्रदाय की परंपरा के अनुरूप राधा-कृष्ण की रास रस लीला का दर्शन कराने का अवसर प्रदान करेगा। बैठक अग्रोहा भवन में हुई, जिसमें समाजसेवी, महिला संगठनों के पदाधिकारी और उत्सव मंडल के सदस्य शामिल हुए। मंडल का मुख्यालय बिलासपुर स्थित श्री निम्बार्क भवन है। इस वर्ष 15 दिसंबर से 1 जनवरी तक छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में महोत्सव आयोजित करने का संकल्प लिया गया है। रायगढ़ में विशेष रूप से 21, 22 और 23 दिसंबर को गौरी शंकर मंदिर के पास शाम 3 बजे से रास लीला का मंचन होगा। बैठक की अध्यक्षता आशा राम अवतार अग्रवाल ने की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी वृंदावन के ठाकुर जी पूरी टीम के साथ पधार रहे हैं। रायगढ़ में होने वाले इस भव्य आयोजन की सफलता के लिए सभी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। आयोजकों ने नगरवासियों और भक्तजनों से सहयोग की अपील की। मंडल के संयोजक गुलाब उपासक ने महोत्सव की रूपरेखा प्रस्तुत की, जिसमें रास लीला का मंचन, भजन संकीर्तन, नाम जप और भक्तों के लिए विशेष दर्शन व्यवस्था शामिल है। बैठक में अखिल भारतीय अग्रवाल महिला सम्मेलन की अध्यक्ष शोभा अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, चेयरमैन संतोष अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, बजरंग अग्रवाल, सुनीता अग्रवाल, मंजू डालमिया, आशा अग्रवाल, रीना बापोड़िया, तारा बेरिवाल, पुष्पा रतेरिया, करुणा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *