छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शराब के लिए पैसे न देने पर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया गया। आरोपी ने धारदार हथियार से उसका गला रेतने की कोशिश की। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला चांपा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित का नाम मंगलूराम यादव (45) है। जो ग्राम बेहराडीह का रहने वाला है। 29 दिसंबर की शाम करीब 4:30 बजे वह तालाब की ओर से लौट रहा था। इस दौरान पड़ोसी ओमप्रकाश यादव ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मंगलूराम के मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर ओमप्रकाश ने चाकू निकालकर मंगलूराम के गले पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में मंगलूराम को गंभीर चोट लगी और बहुत ज्यादा खून बह गया। घटना की सूचना मिलते ही चांपा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने जुर्म स्वीकार किया। आरोप के पास से चाकू जब्त कर उसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


