रीवा की सिविल लाइन थाना पुलिस ने शराब पीने के लिए पैसे न देने पर युवक के साथ मारपीट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से 13 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। यह उसका 14वां मामला बताया जा रहा है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र की विंध्य विहार कॉलोनी का है। कॉलोनी निवासी क्षितिज तिवारी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि पृथ्वीराज सिंह ने उससे शराब पीने के लिए पैसों की मांग की थी। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। शिकायत के बाद सिविल लाइन पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश शुरू की। अपराधी पर 13 मामले दर्ज
जांच के दौरान पुलिस रिकॉर्ड से पता चला कि आरोपी के खिलाफ सिविल लाइन, चोरहटा और कोतवाली थाना क्षेत्रों में कुल 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास पुराना है। नाबालिग अवस्था में भी उसके विरुद्ध प्रकरण दर्ज रहे हैं और बालिग होने के बाद भी वह आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने बताया कि आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।


