भास्कर न्यूज। लुधियाना लाइफस्टाइल, प्रोसेस्ड खाने की आदत, ज्यादा मिठाई, शराब के ज्यादा सेवन के कारण लीवर की समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। इसी कारण फैटी लीवर, लीवर सिरोसिस और कैंसर के केस भी बढ़ रहे हैं। वहीं युवाओं में भी इसके मामले बढ़े हैं। ऐसे में बचाव,लाइफस्टाइल में बदलाव,मोटापे और शराब के सेवन से बचाव जरूरी है। नहीं तो लीवर की समस्याएं भी तेजी से बढ़ेंगी। यह बात चीफ लीवर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. गुरसागर सिंह सहोता ने कही। यह जानकारी उन्होंने डीएमसीएच के लीवर ट्रांसप्लांट टीम द्वारा लीवर ट्रांसप्लांट सर्जरी की सफलता कार्यक्रम के दौरान दी। गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के प्रोफेसर और प्रमुख डॉ. अजीत सूद ने बताया कि बचाव के तरीकों से इस गंभीर समस्या से बचा जा सकता। कई नवजन्मे बच्चों में भी कंजेनिटल सिरोसिस के मामले आते हैं।समय पर जांच और इलाज, लाइफस्टाइल में सही बदलाव से गंभीर समस्या से बचा जा सकता है। इस मौके पर डॉ. पीएल गौतम, डॉ. सुनीत कांत कथूरिया भी मौजूद रहे। सचिव बिपिन गुप्ता ने कहा कि अंग दान के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाना, व्यक्तियों को अपने अंगों को देने के लिए प्रोत्साहित करना और अनगिनत लोगों की जान बचाना महत्वपूर्ण है। प्रिंसिपल डॉ. जीएस वांडर ने कहा कि लीवर प्रत्यारोपण की जटिलता असाधारण कौशल और समन्वय की मांग करती है। रोटो के चिकित्सा अधीक्षक और नोडल अधिकारी प्रोफेसर विपिन कौशल ने पंजाब में कैडेवरिक अंग प्रत्यारोपण कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के लिए डॉक्टरों की टीम की सराहना की। डॉ सूद ने कहा कि लीवर ट्रांसप्लांट सर्जरी में कैडेवरिक या ब्रेन डेड डोनर या लाइव डोनर की मदद से ट्रांसप्लांट किया जा सकता है। इस मौके पर कैडेवर से लीवर ट्रांसप्लांट करवा कर स्वस्थ जीवन जी रहे और लाइव डोनेशन के बाद स्वस्थ जीवन जी रहे लोगों ने भी शिरकत की।


