हनुमानगढ़ जिले में पुलिस ने शराब ठेके पर लूट के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अरबाज खान (23) के पास से 20 ग्राम हेरोइन भी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, हरियाणा के रालवास और मात्रश्याम गांव के शराब ठेके पर लूट की सूचना मिलने के बाद भिरानी थाना पुलिस ने नाकाबंदी की थी। नाकाबंदी के दौरान दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर हरियाणा सीमा की तरफ से आते दिखे। पुलिस को देखकर एक आरोपी भागने में सफल रहा, जबकि अरबाज खान को पकड़ लिया गया। पूछताछ में अरबाज ने बताया कि वह नशे की पूर्ति के लिए चोरी, लूटपाट और नकबजनी की वारदातों को अंजाम देता है। लखुवाली निवासी अरबाज के खिलाफ हनुमानगढ़, गंगानगर, बीकानेर, चूरू और हरियाणा के विभिन्न थानों में हथियार रखने, नशीले पदार्थों की तस्करी, चोरी, लूट, मारपीट, डकैती, नकबजनी और अपहरण के कुल 24 मामले दर्ज हैं। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी के साथ भिरानी थाना क्षेत्र में भी एक शराब ठेके पर लूट की और दूसरे ठेके पर प्रयास किया, लेकिन वहां लोगों की मौजूदगी के कारण भागना पड़ा। उसके द्वारा प्रयोग की गई मोटरसाइकिल भी हनुमानगढ़ टाउन से चोरी की हुई थी। पुलिस फरार हुए आरोपी की तलाश कर रही है।


