शराब दुकान के सामने से दो युवकों का अपहरण:सतना में बोलेरो में बैठाकर ले गए बदमाश, डीजल खत्म होने पर हाईवे पर छोड़ा

सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के बेला में गुरुवार शाम शराब दुकान के सामने से बोलेरो सवार दो युवकों का अपहरण कर लिया गया। 6-7 बदमाशों ने युवकों के साथ मारपीट कर उन्हें उन्हीं की गाड़ी में बंधक बनाया और मैहर की ओर फरार हो गए। करीब तीन घंटे बाद बोलेरो का डीजल खत्म होने पर बदमाश पीड़ितों को गाड़ी समेत हाईवे पर छोड़कर भाग निकले। पुलिस के मुताबिक बेला निवासी योगेंद्र सिंह (36) और राहुल साकेत गुरुवार शाम बोलेरो (MP19-CC-8318) से बेला शराब दुकान के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई एक गाड़ी में सवार 6-7 लोगों ने उनकी बोलेरो रुकवाई। बदमाशों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट की और उन्हें गाड़ी में बंधक बनाकर मैहर की तरफ ले गए। भीड़भाड़ वाले इलाके में वारदात, मचा हड़कंप शराब दुकान के सामने और भीड़भाड़ वाले इलाके में अपहरण की घटना होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और पीड़ितों के परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने आसपास के थानों को अलर्ट कर चौतरफा घेराबंदी शुरू कर दी। तीन घंटे तक सड़कों पर दौड़ती रही बोलेरो लगातार दबाव के चलते बदमाश बोलेरो लेकर इधर-उधर घूमते रहे। करीब तीन घंटे बाद हाईवे पर बोलेरो का डीजल खत्म हो गया। इसके बाद बदमाश पीड़ितों को गाड़ी समेत सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ितों को सुरक्षित किया, पूछताछ जारी किसी तरह पीड़ितों ने परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलने पर पुलिस देर रात 1 बजे मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को सुरक्षित थाने लाकर पूछताछ शुरू की। रामपुर बाघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि शिकायत मिलते ही तलाश शुरू की गई थी। लगातार दबाव के कारण आरोपी वाहन नहीं छोड़ पाए और डीजल खत्म होने पर पीड़ितों को छोड़कर भाग गए। पीड़ित सुरक्षित हैं। फरार आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *