दतिया कोतवाली थाना क्षेत्र के मातन का पहरा इलाके में शनिवार रात हुई गोलीकांड की घटना में घायल चंद्रशेखर रायकवार की इलाज के दौरान मौत हो गई। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में सोमवार देर रात उसने अंतिम सांस ली। घटना के बाद मंगलवार सुबह परिजन शव लेकर दतिया पहुंचे और न्याय एवं मुआवजे की मांग को लेकर कलेक्टर बंगले के सामने जाम लगा दिया। प्रशासन की समझाइश के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन जाम की सूचना मिलते ही कोतवाली टीआई धीरेंद्र मिश्रा, एसडीएम सहित प्रशासन के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से चर्चा की। समझाइश के बाद परिजन जाम हटाने को तैयार हुए। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने सिर्फ एक आरोपी पर मामला दर्ज किया है, जबकि वारदात के समय और लोग भी मौजूद थे। उन्होंने आर्थिक सहायता की मांग भी की। यह था मामला जानकारी के अनुसार, मृतक चंद्रशेखर रायकवार (35), निवासी पुरानी जेल के पीछे और आरोपी गिट्टे उर्फ जितेंद्र कोरी, निवासी मातन का पहरा दोनों पुराने दोस्त थे। शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे गिट्टे ने चंद्रशेखर को घर बुलाया और वह खाना भी साथ ले गया। रात करीब 11 बजे दोनों ने शराब पी और इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ा तो गिट्टे ने तमंचे से चंद्रशेखर पर गोली चला दी। गोली जांघ में लगी, पेट में फंसी रही गोली चंद्रशेखर की बाईं जांघ में लगते हुए पेट में फंस गई। परिजन उसे पहले जिला अस्पताल ले गए, जहां से झांसी, फिर ग्वालियर रेफर किया गया। ग्वालियर में स्थिति बिगड़ने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात को उसकी मौत हो गई। आरोपी अब भी फरार, पुलिस तलाश में जुटी पुलिस के अनुसार, आरोपी गिट्टे उर्फ जितेंद्र कोरी वारदात के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। कोतवाली टीआई धीरेंद्र मिश्रा ने बताया- पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक का अंतिम संस्कार पुलिस निगरानी में कराया जाएगा। परिजनों द्वारा दिए गए तथ्यों की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। यह खबर भी पढ़ें… दतिया में युवक को घर से बुलाकर गोली मारी, घायल:आपसी रंजिश में आरोपियों ने पहले फोन कर बुलाया, पैर में गोली मारकर भागे दतिया कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी जेल के पीछे शनिवार देर रात एक युवक को गोली मार दी गई। आरोपियों ने पहले युवक को फोन कर घर से बाहर बुलाया और फिर उस पर फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। गोली युवक के पैर में लगी है। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पढ़ें पूरी खबर


