अगर आप 31 फर्स्ट दिसम्बर और न्यू ईयर पर सेलिब्रेशन मनाने या पार्टी का प्लान कर रहे हैं, तो ये खबर आपके लिए है। साल 2024 की विदाई और नए साल 2025 पर खुशियां गम में ना बदलें, इसके लिए, नर्मदापुरम पुलिस विशेष अभियान चला रही है। नशे में सड़क, होटल या कहीं भी हंगामा और हुड़दंग करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। नए साल के स्वागत और पार्टी के लिए समय निश्चित नहीं है। देर रात तक पार्टी हो सकेंगी, लेकिन शांतिपूर्वक और सादगी के साथ नए साल का स्वागत करना होगा। इसे लेकर एसपी नर्मदापुरम डॉ. गुरकरन सिंह ने जिले भर में पुलिस को निर्देश दिए है। 31 दिसंबर और 1 जनवरी नए साल पर जश्न मनाने के लिए लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा होते हैं, शराब पीकर कोई गाड़ी न चलाएं, इसके लिए सख्ती से चैकिंग अभियान चलाया जाएगा। दोपहिया और चारपहिया वाहन सवाराें की ब्रेथ एनलाइजर से जांच की जा रही। पुलिस ड्राइवर्स से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील भी कर रही है। पर्यटन स्थल पर अतिरिक्त बल, टीम रखेगी नजर एसपी डॉ. गुरकरन सिंह ने बताया कि पर्यटन स्थल पचमढ़ी और मढ़ई में अतिरिक्त पुलिस की व्यवस्था की है। यातायात पुलिस को भी लगाया गया है। 50 पुलिसकर्मी के साथ टू व्हीलर बाइक से भी पेट्रोलिंग होगी। जिले भर में भी टीमें बनाई गई है। पुलिस जवान चिह्नित स्थानों पर तैनात रहेंगे। नशा कर वाहन चलाने पर पैदल जाना होगा घर यातायात डीएसपी संतोष मिश्रा ने बताया नशे में वाहन चलाते समय होने वाली दुर्घटना रोकने के लिए चैकिंग अभियान चलाया जाएगा। नर्मदापुरम शहर में करीब 10 पाइंट बनाए गए है। इसी प्रकार पिपरिया, इटारसी, सोहागपुर, माखननगर, पथरौटा, डोलरिया, बनखेड़ी, माखननगर की थाना पुलिस चैकिंग करेगी। चैकिंग में ड्रिंकिंग ड्राइव, हाई स्पीड और ओवर लोडिंग वाहनों पर जोर दिया जाएगा। ब्रेथ एनालाइजर मशीन में यदि अल्कोहल मिला तो मौके से नशेड़ी को पैदल रवानगी लेनी पड़ेगी। बाइक, कार जब्त कर जुर्माना अदा करने पर कोर्ट से छूटेगी।


