भास्कर न्यूज | डौंडी रविवार की शाम स्थानीय पुलिस थाना में होली पर्व की शांति व्यवस्था को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नायब तहसीलदार प्रशांत वर्मा ने की। थाना प्रभारी उमा ठाकुर ने नागरिकों से अपील की कि होली का त्योहार भाईचारे और सौहार्द का पर्व है। उन्होंने कहा कि किसी पर जबरन रंग-गुलाल न लगाया जाए और शराब पीकर सार्वजनिक स्थानों पर उत्पात न मचाएं। यदि कोई व्यक्ति ऐसा करता है तो पुलिस को तुरंत जानकारी दें। पुलिस ने बताया कि होली के दिन मथाई चौक, जवाहरपारा चौक, दुर्गा चौक, बस स्टैंड और गांधी चौक पर विशेष ड्यूटी तैनात रहेगी। इसके अलावा पेट्रोलिंग टीम नगर में भ्रमण करती रहेगी और स्थिति पर नजर रखेगी। नायब तहसीलदार वर्मा ने चेतावनी दी कि शराब पीकर वाहन चलाने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना है और नागरिक कानून को अपने हाथ में न लें। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष मोहनतीन चोरका, उपाध्यक्ष संजीव मानकर, पार्षद अमेरिका ठाकुर यदु, नंदन देवहारी, अनिल निर्मलकर, हितेश धनकर, व्यापारी संघ अध्यक्ष तिलक दुबे, नंदकुमार लोन्हारे, मीडिया कर्मी तेजराम साहू, ओम गोलछा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


