भास्कर न्यूज | पाटन नावाजयपुर थाना क्षेत्र के घोरीघाट नाला में डूबने से कसवाखांड़ के रोल निवासी 52 वर्षीय मुखदेव उरांव की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रविवार को मुखदेव घोरीघाट साप्ताहिक बाजार गए थे, जहां उन्होंने अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन किया। नशे की हालत में देर रात तक बाजार में भटकते रहा। लोगों ने आशंका जताई है कि रास्ता भटक कर वह नाले में गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने उनका शव नाले में तैरता देखा। जिसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई। नावाजयपुर थाना प्रभारी सतीश कुमार ने मौके पर पहुंचकर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। इधर ग्रामीणों ने कहा कि घोरीघाट साप्ताहिक बाजार में खुलेआम शराब और मांस की बिक्री होती है, लेकिन इस पर कार्रवाई नहीं की जाती। ग्रामीणों ने कहा कि बाजार में शराब की बिक्री पर रोक लगाने से लोगों का विकास हो सकेगा। शराब बिक्री के कारण गांव के बच्चे भी प्रभावित हो रहे हैं। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने कहा कि यह मामला पहली बार आया है। हम इसकी गंभीरता से जांच कर रहे हैं। जांचकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि मौत के मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।


