भास्कर न्यूज | बालोद जिला मुख्यालय से 3 किमी दूर बालोद ब्लॉक के ग्राम मेड़की में पिछले दिनों सामूहिक बैठक लेकर बच्चों, युवाओं, महिलाओं सहित अन्य वर्ग के लोगों के हित में ग्राम विकास समिति ने सर्वसम्मति से कई निर्णय लिए हैं। यहां शराब बेचने व सार्वजनिक स्थानों में शराब पीने पर 10 हजार रुपए जुर्माना का नियम लागू किया गया है। वहीं ऐसे व्यक्ति के बारे में बताने वालों को प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। जुर्माने की राशि से जनहित में विकास कार्य कराया जाएगा। ग्राम पटेल होरीलाल गजपाल, ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, जनपद पंचायत बालोद के रिटायर्ड लेखापाल धनराज साहू ने बताया कि सामूहिक बैठक लेकर गांव हित में निर्णय ले चुके हैं। हर माह समीक्षा बैठक लेकर ग्रामीण मुद्दों पर चर्चा करते है। गांव का माहौल बेहतर रहे। इस वजह से ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से समर्थन दिया है। शराब की वजह से गांव का माहौल न बिगड़े। इसके लिए पहले से नियम बनाए गए हैं लेकिन सख्ती से अभी लागू किया जा रहा है।


