शराब से भरी पिकअप और कार जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार:5.50 लाख की शराब पकड़ी, धम्बोला थाना पुलिस ने की कार्रवाई

धम्बोला थाना पुलिस ने धंबोला पावर हाउस के पास शराब से भरी एक पिकअप और एक कार को जब्त किया है। पुलिस ने दोनों वाहनों से 261 बोतल शराब बरामद करते हुए 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई शराब की कीमत 5.50 लाख रुपए बताई जा रही है। जिले के धम्बोला थानाधिकारी रिजवान खान ने बताया कि डूंगरपुर एसपी मोनिका सैन के निर्देश पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने आज दो कार्रवाई को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि धंबोला पुलिस की ओर से धंबोला पावर हाउस के पास नाकेबंदी की हुई थी। इस दौरान पहले एक पिकअप आई। पिकअप और रोककर तलाशी ली गई तो पिकअप के पीछे गुप्त बॉक्स बना हुआ था, जिसमें पंजाब निर्मित शराब की बोतल भरी हुई थी। पुलिस ने पिकअप से शराब की 165 बोतल जब्त करते हुए पिकअप ड्राइवर जालोर निवासी गिरधारी लाल जाट और उसके साथी बाड़मेर निवासी वालाराम जाट को गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार को रुकवाकर तलाशी ली तो कार में भी एक गुप्त बॉक्स बना हुआ था, उसमें राजस्थान निर्मित शराब की 96 बोतल छिपा कर रखी हुई थी। जिस पर पुलिस ने कार से शराब को जब्त करते हुए उदयपुर निवासी चालक मांगाराम गमेती को गिरफ्तार किया। थानाधिकारी रिजवान खान ने बताया कि दोनों वाहनों से जब्त की गई शराब की कीमत करीब 5.50 लाख रुपए है। पुलिस तस्करों से पूछताछ कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *