शहडोल के श्री राम अस्पताल में शनिवार शाम एक महिला पर उसके पति ने चाकू से हमला किया। 26 वर्षीय मनोरमा उपाध्याय बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद प्राइवेट रूम नंबर 6 में भर्ती थीं। घटना के समय मनोरमा की मां किसी काम से बाहर थीं और वह कमरे में अकेली थीं। इसी दौरान मुंबई में रहने वाला उसका पति अस्पताल पहुंचा। आरोपी ने कमरे में घुसकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कुछ देर बाद कमरे से महिला की चीखें सुनाई देने लगीं। आसपास मौजूद मरीजों के अटेंडर और अस्पताल के सुरक्षाकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से बंद होने के कारण वह नहीं खुला। स्टाफ ने तोड़ा दरवाजा इसके बाद अस्पताल स्टाफ और अन्य लोगों ने मिलकर दरवाजा तोड़ा। कमरे में प्रवेश करने पर मनोरमा के चेहरे और गर्दन पर चाकू से गंभीर चोटें दिखाई दीं। दरवाजा तोड़ने के दौरान एक महिला सुरक्षाकर्मी भी घायल हो गईं। घटना के तुरंत बाद सुरक्षाकर्मियों और मौजूद लोगों ने आरोपी पति को पकड़ लिया। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पति-पत्नी में है विवाद पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद की वास्तविक वजह अभी जांच का विषय है। इस घटना से अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया। मनोरमा को आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


