कोतवाली थाना क्षेत्र के कल्याणपुर में पिकनिक मनाने गए दो युवकों के साथ मारपीट की घटना हुई है। मारपीट करने वाला युवक भी युवकों के साथ पिकनिक मना रहा था। दोनों युवकों को चोट पहुंची है। पुलिस के अनुसार धारदार हथियार से आरोपी युवक ने दोनों युवकों पर हमला किया है। पुलिस ने शनिवार को मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। कोतवाली थाना क्षेत्र का रहने वाला आशुतोष चतुर्वेदी अपने साथी अभिलाष द्विवेदी के साथ पिकनिक मनाने कल्याणपुर गया हुआ था। खाना बनने के बाद आरोपी अनुज सिंह का आशुतोष चतुर्वेदी के बीच भोजन को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान बात बिगड़ गई और आरोपी अनुज सिंह ने आशुतोष चतुर्वेदी पर हमला बोल दिया। बीच बचाव करने आए अभिलाष पर भी आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। चीखने की आवाज सुन आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। कोतवाली प्रभारी राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि आशुतोष चतुर्वेदी और अभिलाष द्विवेदी के माथे पर चोट के निशान हैं। पुलिस ने शिकायत पर शनिवार को आरोपी अनुज सिंह पर कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


